सीतापुर। मच्छर का एक डंक जिंदगीभर के लिए फाइलेरिया (हाथीपांव) की बीमारी दे सकता है। इसके लक्षण 10 से 15 साल बाद भी सामने आ सकते हैं। जिले में इस समय 3985 लोग फाइलेरिया से पीड़ित हैं। बीमारी से बचाव के लिए 19 नवंबर से सात दिसंबर तक जिले के 10 ब्लॉकों में सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 24 लाख से अधिक पात्र लोगों को घर-घर जाकर दवा खिलाई जाएगी।
अभियान की शुरुआत से पहले बुधवार को मीडिया कार्यशाला आयोजित कर बीमारी और बचाव के उपाय बताए गए। एसीएमओ एवं वीबीडी नोडल अधिकारी डॉ. दिपेंद्र वर्मा ने बताया कि फाइलेरिया मच्छर के जरिए शरीर में पहुंचने वाले सूक्ष्म परजीवी से होता है। मच्छरों को पूरी तरह खत्म करना संभव नहीं है और बीमारी होने के बाद इसका इलाज भी नहीं है। ऐसे में शरीर में मौजूद परजीवियों को नष्ट करने के लिए साल में एक बार एमडीए अभियान के तहत दवा का सेवन जरूरी है।
एसीएमओ डॉ. अनिल त्रिपाठी ने कहा कि एमडीए अभियान में सामूहिक दवा सेवन से नए मरीजों की संख्या कम करने में मदद मिली है। डब्ल्यूएचओ के स्टेट समन्वयक डॉ. तनुज शर्मा और मंडलीय समन्वयक डॉ. मंजीत ने बताया कि दवाएं सुरक्षित हैं। सेवन के बाद कुछ लोगों को हल्का बुखार, चक्कर या जी मिचलाने की शिकायत हो सकती है, जो कुछ घंटों में ठीक हो जाती है।