गोंदलामऊ। संदना के उरदहा गांव में जंगली जानवर का खौफ है। शुक्रवार को एक ग्रामीण ने बाघ देखने का दावा किया है। बता दें कि 10 दिन पहले रात में किसान आशीष सिंंह अपने खेत में जेसीबी से यूकेलिप्टिस की ठूंठ खोदवा रहे थे। तभी जंगली जानवर जेसीबी पर कूद पड़ा था। इसके बाद दो दिन पूर्व खेउटा रामपुर स्थित एक फार्म हाउस पर जानवर को देखा गया था। ग्रामीणों ने दावा किया कि यह जंगली जानवर बाघ है।
उरदहा निवासी श्याम सुंदर शुक्रवार सुबह नित्यक्रिया के गए तो उन्हें जंगली जानवर दिखा। उनके अनुसार जंगली जानवर बाघ था। वन विभाग की टीम ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेंदुए की पगचिह्न लग रहे हैं। वही ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवर देखने में बाघ जैसा लग रहा था।
वन दरोगा ऋषभ सिंह तोमर, डिप्टी रेंजर सुनील कुमार त्रिपाठी, वन दरोगा अनिल व अन्य ने तेंदुए के पगचिह्न होने की बात कही है। वन दरोगा अनिल ने बताया कि वन विभाग टीम ने कॉम्बिंग शुरू की है। विशेष टीमों की ड्यूटी लगा दी गई है।