सकरन। कस्बा स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में बीते तीन दिनों से कमजोर नेटवर्क की समस्या के कारण कामकाज बाधित हो रहा है। इस कारण जमा व निकासी न हो पाने के कारण बैंक से जुड़े उपभोक्ताओं के साथ ही खाताधारी किसानों को काफी परेशान उठाना पड़ रही है।
खाताधारकों ने बताया कि अधिकतर किसानों के खाते ही इस बैंक में संचालित हैं, जिनमें गन्ने का भुगतान, किसान सम्मान निधि आदि की धनराशि आती हैं। तीन दिनों से सर्वर फॉल्ट के कारण किसी भी तरह का बैकिंग काम न होने से फसलों की बोआई व सिंचाई प्रभावित हो रही है। पैसा न मिलने की वजह से किसान खाद नहीं खरीद पा रहे हैं। खाताधारक ज्ञानेंद्र मिश्रा, विवेक कुमार, मंजुल, बाबूराम, मिथुन, शाहिदा, चिंटू आदि ने बताया गन्ने का पैसा लेने के लिए तीन दिन से बैंक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पैसा नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में शाखा प्रबंधक ने बताया कि दो दिनों से बैंक में तकनीकी समस्या के कारण लेनदेन प्रभावित है, जल्द ही समस्या दुरुस्त कराकर जमा-निकासी शुरू कराई जाएगी। (संवाद)