लहरपुर। मोहल्ला विकास नगर निवासी विपिन कुमार वर्मा (40) का शव एक जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में घर में लटका मिला था। मृतक के पुत्र संग्राम सिंह ने अपनी मां और ननिहाल पक्ष के संबंधियों के खिलाफ धन उगाही व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित संग्राम सिंह के अनुसार, शादी के बाद से ही उनके पिता को मां किरन देवी और हरगांव के उदनापुर निवासी नाना कौशल किशोर, मामा शिवा व राम खेलावन और मौसा रितेश कुमार लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि यह लोग आए दिन उनके पिता से मारपीट व गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी देते थे। इन लोगों ने उनके पिता से 70 हजार रुपये की मांग भी की थी। इस पर प्रताड़ना से तंग आकर उनके पिता ने 50 हजार रुपये दिए भी थे। इसके बावजूद भी पैसों की मांग व मारपीट बंद नहीं हुई। इस वजह से उनके पिता ने आत्महत्या कर ली। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।