कुतुबनगर (सीतापुर)। भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्र शक्ति) के बैनर तले किसानों ने सोमवार को देवगवां बिजली उपकेंद्र पर अनिश्चित कालीन प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसान बिजली संबंधित समस्याओं और विभागीय कर्मचारियों की मनमानी से परेशान हैं। उन्होंने समस्याओं का समाधान होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव ने बताया कि गड़ासा गांव में तीन महीने से बिजली नहीं पहुंची है, जबकि बिल बराबर भेजे जा रहे हैं। फेक मीटर लगे होने से दो सौ से तीन सौ रुपये का आने वाला बिल 1600 से 1800 रुपये का आ रहा है।
इसके अलावा टेनी निवासी ईश्वरदीन के निजी नलकूप की लाइन को दबंगों ने क्षतिग्रस्त कर लाइन को गायब कर दिया। इससे नलकूप ठप है। उन्होंने बताया कि किसान एक माह से पुलिस चौकी व बिजली विभाग के चक्कर काट रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। इसके अलावा पांच से आठ घंटे की कटौती की जा रही है। फाॅल्ट होने पर तत्काल समस्या का समाधान नहीं किया जाता है। इस मौके पर दधीचि यादव, संदीप यादव, पिंटू सिंह, हरिनाम सिंह, रणधीर सिंह, सुदर्शन, सुशील यादव, ठाकुर प्रसाद, अनिल कुशवाहा, गुलशन यादव, अनुराग यादव, जगदीश, उत्तम आदि मौजूद रहे।