सीतापुर। घटतौली व उतराई के नाम पर अवैध उगाही से भड़के किसानों ने गन्ना क्रय केन्द्र कोठार पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार बिसवां और बाट माप अधिकारी ने मामला सुलझाने का प्रयास किया। इसी बीच क्षेत्रीय विधायक ज्ञान तिवारी भी पहुंच गए। विधायक ने जांच कराई तो प्रति वाहन 1 क्विंटल 25 किलो का अंतर पकड़ा गया। इस पर गन्ना क्रय केन्द्र सील कर दिया गया। तौल लिपिक का लाइसेंस निरस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
बिसवां चीनी मिल का गन्ना क्रय केन्द्र कोठार गांव में लगाया गया था। इस केन्द्र पर घटतौली के अलावा उतराई के नाम पर 50 रुपये प्रति वाहन वसूले जाने से किसान परेशान थे। शनिवार को कुछ किसान धर्मकांटे पर अपना वाहन तौलाने के बाद क्रय केन्द्र गए। क्रय केन्द्र पर वाहन की तौल कराई तो एक क्विंटल से अधिक का अंतर मिला। इस पर किसान भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे का खबर मिलते ही सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने तहसीलदार बिसवां, बाट माप अधिकारी, समिति के सचिव को मौके पर पहुंचकर जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए। किसानों का आरोप है कि अफसर मामले को दबाने का प्रयास करने लगे। लिहाजा, किसानों ने यह बात विधायक को बताई। इस पर विधायक ने क्रय केन्द्र पहुंचकर जांच कराई।
दो किसानों की गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली धर्मकांटे पर तौलाने के बाद क्रय केन्द्र पर तौलाई गई तो 1 क्विंटल 25 किलो का अंतर मिला। इसके बाद गन्ना क्रय केन्द्र कोठार पर तौल बंद कराते हुए अफसरों ने उसे सील कर दिया। केन्द्र प्रभारी संतोष वर्मा का लाइसेंस निरस्त किए जाने की कवायद भी शुरू कर दी गई है।
जहांगीराबाद केंद्र पर तौल कराएं किसान
गन्ना क्रय केन्द्र कोठार सील होने से किसानों को तौल कराने में परेशानी न हो, इसके लिए इस क्षेत्र के सभी गांव जहांगीराबाद केन्द्र से अटैच कर दिए गए हैं। अफसरों ने कहा जब तक यह क्रय केंद्र बंद है, किसान जहांगीराबाद क्रय केंद्र पर तौल करा सकते हैं।
गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली रोके जाने व उतराई शुल्क किसी भी हालत में न लिया जाए, इसके लिए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। फिर भी तौल लिपिक अपने रवैये में सुधार नहीं कर रहे हैं। कोठार केन्द्र पर घटतौली पकड़ी गई है। इस मामले में डीएम से मिलकर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। प्रकरण से गन्ना मंत्री को अवगत कराया जाएगा।
- ज्ञान तिवारी, विधायक सेवता