सीतापुर। पिछले कई महीनों से कृषि बिल को लेकर सरकार और किसान संगठनों में छिड़ी रार थमने का नाम नहीं ले रही। शनिवार को महमूदाबाद में किसान संगठन ने कृषि बिल वापस किए जाने की मांग के समर्थन में एसडीएम को ज्ञापन दिया है जबकि बिसवां में विरोध के बाद लखनऊ प्रदर्शन करने जा रहे किसानों को पुलिस ने बीच में ही रोका।
महमूदाबाद संवाद के अनुसार राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। इसमें कहा गया कि तीनों बिल किसान विरोधी हैं। केंद्र सरकार को बिल तत्काल वापस लेने चाहिए। इसके अलावा डीजल, पेट्रोल व गैस की बढ़ी कीमतों पर रोक लगाने व गन्ना भुगतान अविलंब कराए जाने की मांग भी की।
इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष शिवकुमार वर्मा, हनुमान प्रसाद, प्रेमचन्द्र, आदि मौजूद रहे। बिसवां संवाद के अनुसार भारतीय किसान यूनियन किसान संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंबुज श्रीवास्तव कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ प्रदर्शन करने जा रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों को रास्ते में ही रोक कर उनकी मांगों का ज्ञापन लेकर वापस भेजा। इस मौके पर हरप्रीत सिंह ग्राम जलालपुर अवधेश कुमार आदि मौजूद रहे।