रेउसा/तंबौर (सीतापुर)। तराई इलाके में बह रही शारदा नदी के उफान से आस पास भरे पानी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है। इससे गांवों में कोहराम मचा है। एसडीएम ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया है। वहीं शेखुपुर खमरिया में नदी का कटान तेज हो जाने के बाद इलाके 45 घरों पर कटान का खतरा उत्पन्न हो गया है। गांव के संपर्क मार्ग से महज पांच मीटर की दूरी पर नदी बह रही है।
गांव को कटान से बचाने के लिए शनिवार को एसडीएम, विधायक सेवता, अधिशाषी अभियंता व तहसीलदार ने प्रभावित इलाके का भ्रमण भी किया। लहरपुर कोतवाली इलाके के ग्राम मुगलपुर मजरा सैतियापुर निवासी मोनू(23) पुत्र विनोद अपने घर जा रहा था तभी रास्ते में नदी पर बने पुल पर रेलिंग न होने से वाहन से बचने की कोशिश में नदी में जा गिरे। इस दौरान डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर जुटे ग्रामीणों ने युवक को नदी से निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी मनीष सिंह के बताया सूचना मिलने पर शव को पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं रामपुर मथुरा इलाके के शुकुलपुरवा गांव के पड़ोस से सरयू नदी बह रही है।
शुकुलपुरवा निवासी अशोक कुमार का पुत्र अतुल(12) सरयू नदी से जुड़े एक नाले के किनारे शौच के लिए गया था। तभी वह नाले के गहरे पानी में गिर गया और तैर न पाने के कारण डूबने से उसकी मौत हो गयी। एसडीएम महमूदाबाद राम दरश राम ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया है।
दूसरी तरफ शेखुपुर खमरिया गांव में नदी का कटान तेज हो गया है। यहां के 45 घरों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। एसडीएम व तहसीलदार ने भ्रमण करके ग्रामीणों को कटान से सचेत रहने की अपील की। रेउसा के फौजदारपुरवा में रामनरेश यादव का घर कटान में समा गया। तहसीलदार अविचल प्रताप सिंह ने बताया शेखुपूर में नदी कटान कर रही है। गांव के ग्रामीणों को गांव के मार्गो से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए है। साथ ही सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को तेजी लाने की हिदायत दी है।
विधायक के अनुरोध बाद ड्रेजिंग कानिर्देश
रेउसा/सीतापुर। बिसवां तहसील के शेखुपुर खमरिया गांव का विधायक ज्ञान तिवारी ने भ्रमण करके वहां के हालात देखे। विधायक ज्ञान तिवारी के साथ सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता विशाल पोरवाल, तहसीलदार अविचल सिंह आदि अफसरों के साथ बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण किया। विधायक नदी की तराई में बसे गांव पहुंचे। यहां शारदा बहुत तेज कटान कर रही है।
विधायक ने मौके से ही सिंचाई मंत्री महेंद्र सिंह व अफसरों से बात चीत कर तत्काल 500 मीटर ड्रेजिंग कराए जाने का अनुरोध किया। जिस पर मंत्री ने तत्काल सहमति दी। बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि कटान कर रही शारदा को मोड़ने के प्रोजेक्ट का कार्य भी जल्दी पूरा होगा।