झरेखापुर (सीतापुर)। जंगली जानवर की दहशत के कारण ग्रामीण खेत नहीं जा पा रहे हैं। एक सप्ताह पहले जंगली जानवर ने गोवंश का शिकार किया था। डर के कारण खेती-किसानी प्रभावित है।
एक सप्ताह पहले सिहानीपारा गांव में जंगली जानवर ने रामसेवक अर्कवंशी के गोवंश को निवाला बनाया था। ग्रामीण रवि सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात वह झरेखापुर से घर आ रहे थे।
रास्ते में रेलवे क्राॅसिंग के आगे सड़क के किनारे बाइक की रोशनी में तेंदुआ दिखाई दिया, जिससे वह काफी डर गए। ग्रामीण अमित कुमार ने बताया वन विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन वन विभाग द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। पूर्व प्रधान शिवकुमार सिंह, मनोज यादव, विपेश यादव आदि ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है। क्षेत्रीय वनाधिकारी सुयश श्रीवास्तव ने बतायाकि तेंदुए के होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। टीम क्षेत्र में लगातार काॅम्बिंग कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है।