सकरन। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक चला रहे पिता की मौत हो गई जबकि साथ मौजूद पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इलाके के कुतुबापुर प्राथमिक विद्यालय के सामने हुआ। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था। बिसवां के गढ़वाडीह गांव निवासी किसान अवधेश (50) किसी काम से सांडा कस्बे में आए थे। उनके साथ पुत्र रिंकू (13) भी बाइक पर सवार था। काम खत्म करने के बाद अवधेश अपने पुत्र रिंकू के साथ घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में प्राथमिक विद्यालय कुतुबापुर के सामने उनकी बाइक सांडा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पिता व पुत्र उछलकर सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी सांडा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ सुनील यादव ने पिता अवधेश को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो अवधेश ने हादसे के तुरंत बाद मौके पर दम तोड़ा दिया था।
वहीं, उनके पुत्र रिंकू का इलाज जारी है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हादसे के समय ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था। घटना के बाद मौके से वाहन समेत भाग निकला। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश में जुटी है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने व मृतक के परिजनों की तरफ से मिलने वाली तहरीर के आधार पर तय होगी।