परिजनों को समझाते पुलिस अधिकारी।
लहरपुर (सीतापुर)। लालपुर बाजार निवासी एक बालक का शव राजस्थान प्रांत के भीलवाड़ा में टैंक के अंदर पड़ा मिला। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब बच्चे का शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने हिंदूवादी संगठनों के साथ मिलकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने किसी तरह समझाकर शव का अंतिम संस्कार करा दिया है।
गांव निवासी गोपीचंद्र के अनुसार वह राजस्थान प्रांत के भीलवाड़ा नानकपुरा में मजदूरी करते हैं। रविवार को मजदूरी के रुपयों को लेकर उनका ठेकेदार से विवाद हुआ था। सोमवार को फैक्टरी वालों ने नरेंद्र को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था। इसी बीच उनका पुत्र अनुभव (8) लापता हो गया। तलाश करने पर कॉलोनी के पीछे बने टैंक के पास अनुभव की चप्पल मिली।
टैंक का ढक्कन हटाने पर अनुभव का शव उसमें पड़ा था। राजस्थान पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार को परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने भीलवाड़ा पुलिस से मामले की जानकारी की है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।