सीतापुर। पुराने बकाया करों के भुगतान में व्यापारियों को राहत देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लागू ब्याज माफी योजना-2026 के प्रचार-प्रसार को लेकर मंगलवार को राज्य कर विभाग कार्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई। संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्य कर राकेश नारायण मिश्र ने व्यापारियों और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों को योजना की विस्तृत जानकारी दी।
व्यापारियों को योजना के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और पुराने बकाया करों पर ब्याज व अर्थदंड में मिलने वाली छूट के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने निर्धारित शर्तों के अनुसार योजना का लाभ लेने और लंबित कर प्रकरणों का निस्तारण कराने की प्रक्रिया समझाई। बताया गया कि व्यापारी 15 जनवरी 2027 तक योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
संयुक्त आयुक्त राकेश नारायण मिश्र ने व्यापारियों से अपील की कि वे उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पुराने बकाया प्रकरणों का निस्तारण कराकर अपने कारोबार को नई गति दें। बैठक में राज्य कर विभाग की ओर से उपायुक्त जयकुमार सिंह, सुनील कुमार, आयुक्त अनुज गोयल, सहायक आयुक्त प्रवीण माथुर और अंकिता पांडे मौजूद रहे। वहीं व्यापारिक संगठनों की ओर से उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के अध्यक्ष सुशील अग्रवाल, अरविंद चौरसिया, गोपाल अग्रवाल, मनीष मिश्रा सहित अन्य व्यापारी शामिल हुए।