सीतापुर। यूपी बोर्ड के 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा की अवधि समाप्त हो गई है। इस दौरान करीब 30 कॉलेजों में परीक्षक नहीं पहुंचे है। इससे यहां पर अध्ययनरत करीब तीन हजार विद्यार्थी परीक्षकों का इंतजार करते रहे। कॉलेजों से सूचना के बाद डीआईओएस ने शासन को पत्र लिखा है।
जिले में 24 जनवरी से एक फरवरी तक प्रैक्टिकल परीक्षा की अवधि निर्धारित थी। इसके लिए 235 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इनकी मॉनिटरिंग के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रुम बनाया गया था। करीब 25 हजार विद्यार्थियों की परीक्षा होनी थी। इसमें करीब 30 कॉलेजों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान व अन्य विषयों के परीक्षक नहीं पहुंचे है। कॉलेजों का कहना है शासन की तरफ से परीक्षकों के नाम व उनके माेबाइल नंबर उपलब्ध करवाए गए थे। इन नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे स्वीच ऑफ थे। वहीं, परीक्षकों ने भी कॉलेजों से कोई संपर्क नहीं किया। परीक्षक न आने से विद्यार्थियों की परीक्षा नहीं हो सकी।
जल्द होगी परीक्षा
प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए जो भी परीक्षक नहीं आए है। कॉलजों से सूचना मिलने के बाद शासन को पत्र लिखा गया है। जल्द ही नये परीक्षकों की नियुक्ति होने पर परीक्षा संपन्न करवाई जाएगी।
राजेंद्र सिंह, डीआईओएस