जिले में डेंगू का कहर जारी है। बुधवार को एक पूर्व सैनिक समेत दो लोगों की डेंगू से मौत हो गई। इसके अलावा 13 लोग वायरस की चपेट में आ गए हैं। इनमें से सात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जबकि अन्य का इलाज लखनऊ में चल रहा है। इन मरीजों के सामने आने से पीड़ितों की संख्या बढ़कर 252 हो गई है। जबकि 25 लोग जान गंवा चुके हैं। रामकोट के ग्राम पीतपुर निवासी राम शरण मिश्र (80) पूर्व सैनिक थे। उन्हें एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद डेंगू होने की पुष्टि की थी।
उनकी प्लेटलेट्स 12 हजार थीं। परिवार से सदस्यों ने लखनऊ में भर्ती कराया था, जहां मंगलवार देर रात पूर्व सैनिक ने दम तोड़ दिया। वहीं शहर के मोहल्ला आलम नगर निवासी सोमवती देवी (65) भी डेंगू की चपेट में आ गईं। प्राइवेट डॉक्टरों की जांच में प्लेटलेट्स 45 हजार के करीब मिलीं।
जिसके बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था। सोमवती ने भी मंगलवार रात लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, शहर के मोहल्ला कोट निवासी साबिर के पुत्र आदिल (19) को भी एक सप्ताह से बुखार आ रहा है। जिला अस्पताल में डेंगू की पुष्टि हुई।
हरदोई जिले के माधवगंज निवासी श्यामजी का पुत्र पीयूष (3) मां के साथ अपनी ननिहाल सीतापुर के मछरेहटा के ग्राम सूरजपुर आया था। बुखार आने पर परिवार ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डेंगू की पुष्टि हुई। रामकोट कस्बा निवासी समसुद्दीन (25) भी बुखार से पीड़ित हैं, उसे भी डेंगू हो गया।
इसके अलावा ग्राम कोरैया उदनापुर निवासी परशुराम (32), सिधौली के ग्राम बनियानी निवासी राजू शुक्ला, पिसावां के भगवानपुर निवासी अरविंद सिंह (29), शहर के मोहल्ला तरीनपुर निवासी श्रीराम के पुत्र अमित (15) भी डेंगू से पीड़ित हैं। इन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के आलम नगर में हालत बेहद खराब हैं। यहां के निवासी रामचंद्र के पुत्र रोशन (15), श्यामजी के पुत्र आदित्य (3), महेश रस्तोगी (55) डेंगू की चपेट में आ गए हैं। इन सभी का इलाज लखनऊ के प्राइवेट अस्पतालों में चल रहा है। उधर, जिले के गांजर क्षेत्र में भी डेंगू ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं।
रेउसा कस्बा निवासी राजेश मौर्य (35) व उसकी पुत्री सीता देवी (6) बुखार की चपेट में आ गई। पिता-पुत्री ने महमूदाबाद की पैथालॉजी में ब्लड की जांच कराई, तो डेंगू की पुष्टि हुई। प्राइवेट डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है। रेउसा के ग्राम गुड़रुवा निवासी राजेंद्र का पुत्र शिवम (5) भी बीते एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित है। निजी अस्पताल में हुई जांच में शिवम डेंगू पॉजिटिव निकला। उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।