फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामजन्मोत्सव सा उल्लास, दिवाली से पहले मना दीपोत्सव

विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। अयोध्या नगरी में 492 साल बाद प्रभु श्रीराम मंदिर के भूमिपूजन का अविस्मरणीय पल जिले में रामजन्मोत्सव सा उल्लास लेकर आया। मंदिरों से लेकर घरों तक बधाइयां बजाई गईं। उमंग व उत्साह ऐसा कि राम धुन पर बरबस ही भक्त थिरक उठे। बुधवार दोपहर से शुरू हुआ खुशियां मनाने का क्रम सांझ ढले तक चलता रहा। धुंधलका फैलते ही घर-घर दीये जलाए गए। दिवाली से पहले ही दीपोत्सव की अलौकिक छटा वातावरण में बिखर उठी। हर कोई राम मय हो गया।
विज्ञापन

शहर के लालबाग चौराहे पर विहिप की ओर से दीपदान किया गया। घरों में दीपोत्सव से दिवाली सरीखा दृश्य बन गया। रामजानकी मंदिर में पंडित आशीष शास्त्री ने पूजन व आरती के बाद प्रसाद वितरण किया। नैमिषारण्य के चक्रतीर्थ परिसर में तीर्थ पुरोहितों ने सुंदरकांड पाठ किया। सायंकालीन बेला में पुजारी राजनारायण पांडेय द्वारा चक्रतीर्थ पर दीपदान के आयोजन से अलौकिक छटा बिखर उठी। यहां भव्य आरती के साथ ही प्रसाद वितरण हुआ। चक्रतीर्थ मिट्टी के दीयों से सजाया गया।
ललिता देवी मंदिर में ललिता मैया के यज्ञ कुंड में आहुतियां डाली गईं जिसमें काली पीठाधीश और ललिता देवी मंदिर के पुजारी गोपाल शास्त्री के सान्निध्य में लाल बिहारी शास्त्री, मुन्नालाल समेत मंदिर के कर्मचारियों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाकर प्रसन्नता व्यक्त की। हनुमान गढ़ी व कालीपीठ में सुंदरकांड पाठ किया गया। नारदानंद आश्रम स्थित शुकदेव टीला में पीठाधीश्वर जगदाचार्य स्वामी देवेंद्रानंद सरस्वती के सान्निध्य में आचार्य शांतिदेव द्वारा अखंड रामायण का पाठ एवं प्रसाद वितरण किया गया।
विज्ञापन

सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में राम दरबार का सुगंधित पुष्पों से शृंगार कराया गया। मनुसतरूपा तपोस्थली पर श्रीराम का भव्य शृंगार एवं यज्ञ हवन किया गया। नैमिष चौरासी कोश में स्थित अयोध्या मंदिर में नये महंत सुभ्रत तिवारी द्वारा सुंदर कांड पाठ और पूजन किया गया। इसके अलावा नैमिष के सभी आश्रमों, मंदिरों और घरों में दीपक जलाकर खुशी मनाई गई।
महमूदाबाद के मंदिरों में भक्तों ने सुंदर कांड का पाठ किया तो वहीं श्रीराम भक्तों ने घर के ऊपर भगवान श्रीराम का प्रतीक भगवा ध्वज फहराकर पूजन और कीर्तन किया। प्रभाव जैन मानव सेवा समिति के सचिव पंकज कुमार जैन ने सीएचसी, बजाजा चौराहा व प्रभाव जैन चिकित्सालय पर लड्डू बांटे। लहरपुर के प्रत्येक घर में भगवा ध्वज लहराया गया। क्षेत्र के प्रत्येक मंदिर में भगवान का भोग लगाकर प्रसाद वितरण हुआ। राधा कृष्ण मंदिर में सुंदर कांड पाठ हुआ, खतराना चौराहे को आकर्षक ढंग से सजा कर प्रत्येक घर में प्रसाद वितरित किया गया।
श्रीराम जन्मभूमि पूजन को सजीव देखने के लिए जगह-जगह लोग टीवी के सामने डटे रहे। महोली में घरों पर भगवा ध्वज लहराया गया। क्षेत्र के प्रत्येक मंदिर में भगवान का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया गया। कस्बे के हनुमान मंदिर पर क्षेत्रीय विधायक शशांक त्रिवेदी ने सुंदर कांड पाठ कराते हुए पूजन अर्चन किया। सिधौली में मंदिरों की सजावट कर दीप जलाए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें