सीतापुर। शिव शक्ति सनातन सेवा समिति की ओर से त्यागी बाबा के संरक्षण में आयोजित होने वाली कावड़ यात्रा व भंडारे की तैयारियों के संबंध में डीएम डॉ. राजागणपति आर और एसपी अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में लहरपुर स्थित खेमकरन इंटर कॉलेज में बैठक हुई। डीएम ने आयोजन मंडल के सदस्यों से कहा कि जरूरी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी व्यवस्थाएं समय से पूरी किए जाने के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा, विश्राम स्थल व भंडारा स्थल पर चिकित्सा टीमों, एंबुलेंस और चिकित्सा शिविरों का प्रबंध आवश्यक दवाओं के साथ किया जाए। जल लेने के स्थलों पर बैरिकेडिंग, संकेतक सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
संबंधित मार्गों पर सफाई एवं सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। विश्राम स्थलों पर सफाई, प्रकाश एवं पार्किंग की व्यवस्था रहे। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पूरे अनुशासन के साथ सभी कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। कानून व्यवस्था से संबंधित किसी भी विषय को तत्काल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए, जिससे त्वरित कार्रवाई हो सके।
बैठक में एसडीएम लहरपुर धामनी एम दास सहित आयोजन मंडल के सदस्य व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।