सीतापुर। भवानीपुर उपकेंद्र के हरदोई रोड फीडर से जुड़े इलाकों में मंगलवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे करीब पांच हजार उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस फीडर से जुड़े हरदोई रोड, कमलानगर, कृष्णानगर, नवीन चौक आदि मोहल्लों में दोपहर दो बजे बिजली गुल हो गई।
एक घंटे से अधिक की कटौती के बाद जब आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उपभोक्ताओं ने अफसरों से शिकायत की। अफसरों ने जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। शाम पांच बजे के बाद आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ हिमांशु पटेल ने बताया कि तकनीकी फॉल्ट आने के कारण दिक्कत हुई थीं। अब सुचारू तरीके से आपूर्ति चल रही है।