कुतुबनगर(सीतापुर)। पिसावां के गड़ासा गांव में बिजली के तार बिछाने के मुद्दे पर शनिवार को महोली विधायक व सपा नेता अनूप गुप्ता के बीच हुई कहासुनी के बाद रविवार को अधिकारी व पुलिस अलर्ट पर रही। रविवार को भी गांव में अनुरक्षण का काम चलता रहा। आधे गांव में तार बिछाए जा चुके हैं। दोपहर में बारिश के बाद काम रोक दिया गया।
महोली भाजपा विधायक शशांक त्रिवेदी व सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के बीच तार बिछाने को लेकर शनिवार को विवाद हो गया था। एक-दूसरे ने अपने पक्ष के लोगों के यहां पर मोटा केबल बिछाने का आरोप लगाकर समर्थकों ने हंगामा किया था।
इसके बाद एसडीएम मिश्रिख शैलेंद्र मिश्रा व तीन थानों की पुलिस व बिजली विभाग के अफसरों ने गांव पहुंचकर विवाद शांत कराया था। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय रहीं लेकिन ग्रामीणों ने तार बिछाने का कोई विरोध नहीं किया। अधिशासी अभियंता द्वितीय शैलेंद्र राजपूत ने बताया गांव में तार बिछाएं जा रहे हैं। अब कोई विवाद नहीं है।