रामपुर मथुरा (सीतापुर)। ब्लॉक क्षेत्र रामपुर मथुरा में सात दिन पहले आई आंधी से बिजली के तारों पर पेड़ गिर जाने से आपूर्ति ठप है। अब तक इसकी मरम्मत कराई नहीं जा सकी है। इससे करीब एक लाख की आबादी प्रभावित है।
गौरतलब है कि विकास खंड रामपुर मथुरा में रामपुर मथुरा से गोंडा देवरिया, रायसेनपुर जाने वाली विद्युत लाइन पर पिछले दिनों आई आंधी में पेड़ गिर गए थे। इससे सात दिन से इलाके में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। इससे करीब एक लाख की आबादी अंधेरे में रहने को विवश है।
सबसे बड़ी समस्या यह है कि पावर हाउस का सीयूजी मोबाइल हमेशा स्विच ऑफ रहता है। किसी भी दुर्घटना की जानकारी देना भी मुमकिन नहीं है। उपभोक्ताओं ने विभाग के टोल-फ्री नंबर 1912 पर भी सैकड़ों कॉल की लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।
इससे नाराज गोंडा देवरिया के टेल सिंह, सुक्खा सिंह, सूरज, रायसेनपुर के कुमुद, राम प्रकाश, हबीब व मिश्री लाल आदि उपभोक्ताओं ने बैठक कर सामूहिक विद्युत कनेक्शन कटवाने का प्रार्थना पत्र एसडीओ को देने की बात कही। उन्होंने बताया कि यदि दो दिनों में आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो हम सभी एसडीओ रेउसा से मिलकर कनेक्शन काटने के लिए प्रार्थना पत्र देंगे। सभी ने जिलाधिकारी से शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
एसडीओ शिवेंद्र मोहन ने बताया कि रामपुर मथुरा से गोंडा देवरिया मेन लाइन पर पेड़ गिरे पड़े हैं जिससे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बाधित है। जल्द ही मुख्य लाइन पर गिरे पेड़ों को हटाकर इलाके में विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।