नेरी/सीतापुर। मरम्मत काम के कारण महोली तहसील के नेरी उपकेंद्र की शनिवार को बिजली आपूर्ति रोक दी गई। इसकी वजह से छह फीडरों से जुड़े गांवों व कस्बों में बिजली न आने से लोग परेशान रहे। उद्योग धंधे बंद रहे।
कस्बेवासी पानी की किल्लते से जूझते रहे। इससे करीब दो लाख की आबादी प्रभावित हुई। नेरी उपकेंद्र से आठ फीडर जुड़े हुए है। इन फीडरों के जरिये कस्बा व ग्रामीण इलाकों को विद्युत आपूर्ति की जाती है।
उपकेंद्र से जुड़े गांवों में लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। आए दिन कोई न कोई फॉल्ट हुआ करती है। कई बार लोग आक्रोशित होकर नेरी उपकेंद्र का घेराव भी कर चुके है।
इस पर पावर कॉर्पोरेशन ने यहां पर मरम्मत कराए जाने का निर्णय लिया था। शनिवार को उपकेंद्र पर परिवर्तक लगाए जाने थे।
इसकी वजह से पिसावां, बरगांवा, कैमहरा, दौली व मैगलगंज फीडर में शनिवार सुबह नौ बजे विद्युत कटौती कर दी गई। पावर कॉर्पोरेशन ने पहले ही इसकी सूचना उपभोक्ताओं को दी थी।
इससे लोग ने पानी का इंतजाम कर लिया था। लेकिन यह पानी भी कुछ देर बाद समाप्त हो गया। इससे लोगों ने निजी हैंडपंप के जरिए आवश्यकताएं पूरी की।
इसी प्रकार नादन, गुजिया व बड़गांव फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इन फीडरों से जुड़े गांवों में रविवार को आपूर्ति बहाल होगी।
लखीमपुर जिले के लोग भी रहे परेशान
नेरी उपकेंद्र से मैगलगंज फीडर को विद्युत आपूर्ति की जाती है। मैगलगंज फीडर लखीमपुर जनपद में आता है। जब इस उपकेंद्र की आपूर्ति बंद हुई तो लखीमपुर के मैगलगंज के बाशिंदों को भी समस्याएं आई। वह परेशान रहे।
हो रही है मरम्मत
उपकेंद्र पर परिवर्तक लगाए जाने के कारण विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद बिजली बहाल कर दी जाएगी।
- शैलेंद्र कुमार, एसडीओ