नैमिषारण्य/सीतापुर। लखनऊ से नैमिषारण्य के बीच जल्द इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। नैमिष में चार्जिंग पॉइंट का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में चार्जिंग पॉइंट के शुरू होने की उम्मीद है।
नैमिषारण्य में पर्यटकों की सुविधा के लिए 25 अगस्त 2022 को सीएम योगी आदित्यनाथ ने इलेक्ट्रिक एसी बस सेवा शुरू की थी। इन बसों का संचालन दुबग्गा से संडीला होते हुए नैमिषारण्य के लिए किया गया था।
श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधा कई मायनों में बेहद खास थी। किंतु श्रद्धालुओं व तीर्थवासियों की ये खुशी ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकी।जैसे-तैसे एक सप्ताह तक ई-बसों को चलाकर विभागीय अधिकारियों ने हाथ खड़े कर दिए थे।
चार्जिंग स्टेशन के अभाव में इन बसों का संचालन बंद हो गया था। जिसके बाद चार्जिंग पॉइंट बनाने के निर्देश दिए गए थे। नैमिष बस स्टैंड के पड़ोस में चार्जिंग पॉइंट का निर्माण अब अंतिम चरण में है।
इसके भवन को एक मंदिर की तरह डिजाइन किया गया है। कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों की मानें तो 25 फरवरी से पहले चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा। इसका उद्घाटन 25 फरवरी को कराने की तैयारी है। चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन होने के बाद इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।
एक साथ छह बसों के चार्जिंग की होगी व्यवस्था
चार्जिंग स्टेशन में एक साथ 6 बसों के चार्ज होने की व्यवस्था होगी। यहां कर्मचारियों के रुकने के लिए पांच विश्राम कक्ष, बसों के लिए पार्किंग स्थल और सर्विस सेंटर व्यवस्था भी की गई है।