महमूदाबाद। कस्बे में महमूदाबाद-सिधौली मार्ग पर प्लाईवुड फैक्टरी के पीछे बृहस्पतिवार को एक वृद्ध का शव पड़ा मिला। वृद्ध के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान हैं। ऐसे में उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सिधौली मार्ग पर मोल्हेपुर गांव के पास सड़क के पूरब दिशा की ओर प्लाईवुड फैक्टरी है। वहां से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर अनुज वर्मा के खेत में बृहस्पतिवार दोपहर वृद्ध का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव दो से तीन दिन पुराना है। उसके पेट व गले में धारदार हथियार व चोट के निशान हैं। पेट का कुछ हिस्सा फट गया है। सूचना पाते ही एएसपी दक्षिणी दुर्गेश प्रताप सिंह, सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव के साथ ही कोतवाली की पुलिस पहुंची। मौके पर फरेरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित करते हुए पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से एक चादर, शराब की बोतल व दो बोरियां मिली हैं।
सीओ वेदप्रकाश ने बताया कि वृद्ध ने काले रंग की पैंट पहनी है। उसके पैरों में हवाई चप्पलें हैं। शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट पता चल सकेगा।