लहरपुर में हुए हादसे में घायल महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन। -संवाद
लहरपुर। इलाके में केसरीगंज मार्ग व खानपुर सादात के पास हुए सड़क हादसों में बुजुर्ग की मौत हो गई व तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
मोहल्ला पुरवा बेहटी निवासी आशाराम (50) बृहस्पतिवार को तहसील मार्ग पर पैदल ही जा रहे थे। उसी दौरान किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना की सूचना आशाराम के परिजनों को दी। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की सहायता से दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
उधर, सदरपुर के पट्टी सरैंया गांव निवासी अंबुज (24) अपनी भाभी शिल्पी (30) व भतीजी (2) के साथ बिसवां से बाइक से कहीं जा रहे थे। बिसवां-लहरपुर मार्ग पर खानपुर सादात के पास अराइज स्कूल के निकट पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप की चपेट में आ गए। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अंबुज ने हेलमेट नहीं लगाया था।
दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि पुलिस पिकअप चालक की तलाश कर रही है। कार्रवाई की जाएगी।