कल्ली चौराहा (सीतापुर)। भूसा भरकर जा रही ट्रैैैक्टर-ट्रॉली को गांव में धीमे चलाने की बात कहना एक वृद्ध को महंगा पड़ गया। गुस्साए ट्रैक्टर चालक ने बुजुर्ग को पकड़ लिया और गला दबाते हुए सीने पर घूंसा मारकर सड़क पर पटक दिया। इससे वृद्ध की मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
थाना नैमिषारण्य इलाके के श्रीनगर निवासी बद्रीप्रसाद (65) बुधवार को गांव में ही बैठे थे। इसी बीच गांव का ही एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरकर जा रहा था। वह तेज रफ्तार में ट्रैैक्टर चला रहा था। इसको लेकर बुजुर्ग बद्री प्रसाद ने विरोध करते हुए कम स्पीड में चलाने को कहा। मना करने पर चालक ने ट्रैक्टर रोक दिया और बुजुर्ग से विवाद करने लगा।
बात विवाद बढ़ने पर ट्रैक्टर चालक ने गुस्से में बुजुर्ग को गला दबाकर सीने पर घूंसा मारा। इसके बाद आरसीसी सड़क पर पटक दिया। इससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। वह सड़क पर गिरते ही बेेहोश हो गए। सूचना पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आननफानन में बुजुर्ग को लेकर मिश्रिख सीएचसी गए। वहां पर डॉक्टरों ने उसकी हालत को नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजन बुजुर्ग को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ नैमिषारण्य विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले में जांचकर कार्रवाई की जाएगी।