महोली/पिसावां। उत्तराखंड प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने बृहस्पतिवार को महोली के बद्दापुर गांव के पैतृक निवासी उत्तराखंड के पीसीएस अफसर दिनेश प्रताप सिंह के आवास को खंगाला। सुबह करीब सात बजे छह इनोवा गाड़ियों से पहुंची ईडी की दो टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा। इसमें एक दिनेश प्रताप सिंह का पैतृक आवास और दूसरा भुड़िया गांव निवासी राजेश सिंह का घर था।
दिनेश प्रताप सिंह उत्तराखंड डोईवाला चीनी मिल में कार्यकारी निदेशक के पद पर तैनात हैं। उन पर वर्ष 2017 में एनएच 74 चौड़ीकरण के नाम पर करीब 200 करोड़ से अधिक की धनराशि के गबन का आरोप है। इसी घोटाले की कड़ियां खोजते हुए ईडी टीम बृहस्पतिवार को उनके आवास पहुंची।
सूत्रों के अनुसार ईडी को बद्दापुर में दिनेश प्रताप सिंह के भाई नरेंद्र सिंह मिले। ईडी ने नरेंद्र सिंह से लंबी पूछताछ की। 12 घंटे से अधिक चली पूछताछ में ईडी के अधिकारियों ने पैतृक संपत्ति, नरेंद्र सिंह के कारोबार, नरेंद्र सिंह के पार्टनर भुड़िया निवासी राजेश सिंह के कारोबार की जानकारी हासिल की। घर से कई दस्तावेज भी जब्त किए। ईडी ने कई लेनदेन के कागज दिखाकर सवाल पूछे।