लहरपुर (सीतापुर)। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत उदनापुरकलां में कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत पर डीएम के ओर से नामित अफसर बुधवार को जांच करने गांव पहुंचे। इस दौरान पक्ष-विपक्ष के लोगों में विवाद हो गया। तकरार बढ़ते देख जांच अफसर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी जांच अधूरी छोड़कर लौट गए।
उदनापुरकलां में निर्माण कार्यों में गड़बड़ी किए जाने की शिकायत डीएम से की गई थी। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों की शिकायत पर जिला मजिस्ट्रेट की ओर से ग्राम पंचायत उदनापुर कलां विकास खंड परसेंडी में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को स्थलीय जांच के लिए नामित किया गया था। बुधवार को जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवि शंकर गिरी ने मौके पर पहुंचकर ग्राम पंचायत के मजरा जमलापुर में रिबोर किए गए सरकारी हैंडपंपों, प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री व फर्श के टाइल्स, बनवाई गईं नालियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद वह ग्राम मदारपुर के विद्यालय की जांच करने पहुंचे। इसी समय मौके पर जमा पक्ष और विपक्ष के मध्य कहासुनी व विवाद होने लगा। इसे देखकर वह अपनी जांच अधूरी छोड़कर वापस चले गए। इस संबंध में जब जांच अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मीटिंग में व्यस्त हैं। मीटिंग के बाद ही कोई जानकारी दे पाएंगे।