महोली (सीतापुर)। कस्बे में नवनिर्मित रेलवे पुलिस चौकी व जनपद बॉर्डर की नेरी पुलिस चौकी का बुधवार को एसपी चक्रेश मिश्रा ने लोकार्पण किया। इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्रा, सीओ दिनेश कुमार शुक्ला के साथ एसपी ने पुलिस चौकी का फीता काटा। इंस्पेक्टर वीके मिश्रा ने बताया कि कस्बे व नेरी में चौकी स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। एसपी चक्रेश मिश्रा ने यातायात नियम व साइबर फ्रॉड के विषय में लोगों को जागरूक भी किया गया। उन्होंने कहा हर व्यक्ति को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने पुलिस चौकी क्षेत्र में सीसीटीवी लगवाने के साथ ही उसे क्रियाशील रखने के लिए भी निर्देशित किया। वहीं, इमलिया सुल्तानपुर की तिहार चौकी का भी लोकार्पण किया। इस दौरान रेलवे चौकी प्रभारी अशोक सिंह, नेरी पुलिस चौकी प्रभारी विनोद सिंह समेत पुलिस कर्मी व क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।