रक्तदान दिवस पर एक अक्तूबर को ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ और समाजसेवी मोनू सहगल के सहयोग से रक्तदान शिविर लगेगा। यह शिविर जिला अस्पताल की ब्लड यूनिट में लगेगा। शिविर में रक्तदान के इच्छुक व्यक्ति अपना रजिस्ट्रेशन मंगलवार से करा सकेंगे।
यह पंजीयन अमर उजाला कार्यालय में होगा। रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। अक्सर देखा गया है कि सड़क हादसे, ऑपरेशन आदि के समय रक्त की कमी पड़ जाती है। मरीज व उसके तीमारदार रक्त की व्यवस्था के लिए भटकते रहते हैं।
इस बीच खून की कमी से मरीज दम तोड़ देता है। रक्त के अभाव में किसी मरीज की मृत्यु न हो। समय रहते मरीज को रक्त उपलब्ध हो सके, इसे लेकर ही शिविर का आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान के बाद खून को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा जाएगा।
शिविर में भाग लेने वाले लोगों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया जाएगा। रक्तदान की इच्छा रखने वाले लोग मोबाइल नंबर 8392955165 पर कॉल करके भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।