सीतापुर। ठंड के बीच जिला अस्पताल में इलाज की आस लेकर आए मरीजों पर बदइंतजामी भारी पड़ रही है। शुक्रवार को ईएनटी विभाग में चिकित्सक न होने से मरीज घंटों इंतजार करते रहे। दोपहर 12 बजे के बाद करीब 100 से अधिक मरीज बिना इलाज कराए ही लौट गए। इससे कई मरीज नाराज दिखे।
जिला अस्पताल की ओपीडी सुबह आठ बजे से शुरू होती है। ईएनटी विभाग में डॉ. श्रेय डोडेजा व डॉ. हर्षिता अवस्थी की तैनाती है। मरीज पर्चा बनवाकर ओपीडी कक्ष के बाहर लाइन में खड़े होकर इंतजार करने लगे।
सुबह करीब नौ बजे तक जब चिकित्सक नहीं आए तो परेशान मरीज पूछताछ करने लगे। इसके बाद ओपीडी के बाहर डॉक्टर ओटी में हैं... का बोर्ड लगा दिया गया। मरीजों को आस थी कि शायद दोपहर 12 बजे तक ऑपरेशन करने के बाद डॉक्टर ओपीडी में आ जाएंगे और इलाज मिल जाएगा। मगर कोई भी चिकित्सक ओपीडी में नहीं पहुंचा।
थक हारकर मरीज फिजिशियन के पास पहुंचे तो उन्होंने ईएनटी विभाग में दिखाने की सलाह दी। एक ओपीडी से दूसरी ओपीडी की दौड़ लगाने के बाद कई मरीज बिना इलाज कराए ही लौट गए।