सीतापुर। नवागत डीएम राजा गणपति आर ने बुधवार को अपना नया काम-काज संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान पत्रावलियों व दस्तावेजों का रखरखाव उचित तरह से होता देखकर उन्होंने नाराजगी भी जताई।
डीएम राजा गणपति आर ने कोषागार के डबल लॉक कक्ष में पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला। इसके बाद मौके पर सीडीओ प्रणता ऐश्वर्या, एडीएम नीतीश कुमार सिंह व अन्य अफसरों से सीधा संवाद किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका परिचय लिया। इसके बाद वह कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। वहां उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
कामकाज संभालने के बाद सुबह 10 बजे कार्यालय कक्ष पहुंचे नए डीएम ने जनसुनवाई करते हुए वहां मौजूद फरियादियों की शिकायतों को भी सुना। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में शासन की योजनाओं को पूरी कुशलता से संचालित कर इनका फायदा अंतिम पायदान पर मौजूद लोगों तक पहुंचाना, उनकी प्राथमिकता में रहेगा। कहा कि इस दौरान जनसुनवाई पर सर्वाधिक ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने शिकायताें का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने मौके पर मौजूद सीएमओ को जिले में संचालित अवैध अस्पतालों पर प्रभावी रोक लगाने का निर्देश भी दिया। बताया कि जिले में बाढ़ बचाव की परियोजनाओं को प्रभावी तरह से अमल में लाना के साथ ही नैमिषारण्य तीर्थ के विकास से जुड़े कार्यों को भी पूरी प्राथमिकता पर कराया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कोर्ट, संयुक्त कार्यालय के विभिन्न पटलों और अभिलेखागार का निरीक्षण कर संचालित व्यवस्थाओं को भी परखा। निरीक्षण में पटलों पर अभिलेखों के रख-रखाव में शिथिलता मिलने पर उन्होंने नाराजगी भी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पटलों पर अभिलेखों का रख रखाव सुव्यवस्थित ढंग से करते हुए प्रत्येक पत्रावली का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में कराया जाए। ताकि जनसामान्य को अनावश्यक रूप से इधर-उधर न भटकना पड़े। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कृष्णानंद तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।