सीतापुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने बृहस्पतिवार को नगर क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर निर्वाचन तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दोनों मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान कार्मिकों की तैनाती, पोलिंग पार्टियों के लिए आवश्यक सुविधाओं और मतदाताओं की सहूलियत के लिए किए गए प्रबंधों का देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, जिससे मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएम ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही पोलिंग पार्टियों एवं मतदाताओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश और उपयोग पर प्रतिबंध संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है।