सीतापुर। ऐलिया ब्लॉक की तिहार गोशाला का शुक्रवार को डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने निरीक्षण किया। अव्यवस्थाओं का अंबार देख वह नाराज हुए। उन्होंने बीडीओ को शिथिल पर्यवेक्षण के लिए नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही दो पशु चिकित्सकों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ सचिव पर अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान को भी लापरवाही के लिए नोटिस जारी किया।
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर शुक्रवार को अचानक तिहार गोशाला पहुंचे। वहां पशुओं के चारे की व्यवस्था न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। तत्काल पशुओं के लिए भूसा, हरा चारा व पानी की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने गोशालाओं में रिकॉर्ड रखने के लिए सात रजिस्टर में से एक भी रजिस्टर न होने पर सचिव पर अनुशासनिक कार्रवाई व प्रधान को नोटिस देने के निर्देश दिए।
खंड विकास अधिकारी ऐलिया को शासकीय कार्यों में रूचि न लेने व अनियमितता मिलने पर स्पष्टीकरण जारी किया। जिलाधिकारी ने गोशाला में पशुओं के उपचार के लिए तैनात 2 चिकित्सकों को पशुओं का सही उपचार न करने व अन्य कार्यों में शिथिलता पाये जाने पर प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भूसे का रखरखाव देखते हुए पशुओं को ठंड से बचाने के लिए तिरपाल के बारे में जानकारी ली। उनके निरीक्षण की खबर सुनकर हरगांव क्षेत्र के चिकित्सक व अन्य सरकारी कर्मचारी अलर्ट हो गए। हालांकि डीएम इस निरीक्षण के बाद मुख्यालय लौट गए। निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा चंदन देव पांडेय व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।