सीतापुर। पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल पर मंगलवार को कर्मचारियों को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। प्रवेश द्वार से लेकर रवानगी होने तक पग-पग पर दिक्कतें झेलने के बाद मतदान कर्मी रवाना हो सके। गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगों को अधिक परेशानी उठानी पड़ी। हर तरफ धूल से लोग परेशान थे। पानी पीने की कोई व्यवस्था नहीं थी। कोविड को देखते हुए न तो किसी काउंटर पर सैनिटाइजर था और न ही कोई किट। हर काउंटर पर भीड़ बेकाबू थी।
कंट्रोल रूम के नाम पर एक तंबू में एक कर्मचारी था, जिसको भीड़ घेरे हुई थी। गर्भवती महिलाएं थकी हुईं पेड़ के नीचे आराम करती दिखीं तो कहीं दिव्यांग हांफते नजर आए। यह हाल मंगलवार को रवानगी स्थल आरएमपी इंटर कॉलेज पर दिखा। मंगलवार को 12 बज रहे थे। आरएमपी इंटर कॉलेज के गेट पर भीड़ इतनी थी कि निकलना मुश्किल हो रहा था। छोटे से गेट के जरिए एंट्री होने की वजह से समस्या बढ़ती जा रही थी। मजबूरी में लोग एक-दूसरे को धक्का-मुक्की कर रहे थे तो कोई दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो रहा था।
अंदर प्रवेश करते ही ड्यूटी के लिए मारामारी मची हुई थी। छोटे काउंटर होने की वजह से भीड़ लग रही थी। मतदान कार्मिकों को ड्यूटी पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। धूप और ऊपर से धूल से लोगों का हाल बेहाल था। ड्यूटी पाने का मतलब किसी जंग लड़ने से कम नहीं था। बड़ी मुश्किल में ड्यूटी मिलती तो कर्मिकों की जान में जान आ रही थी। अव्यवस्था का यह आलम सुबह से लेकर दोपहर बाद तक जारी रहा। मतदान कर्मी परेशान रहे। सभी का हाल बुरा ही रहा।
बाउंड्रीवाल से गिरकर कई कर्मी हुए जख्मी
रवानगी स्थल आरएमपी कॉलेज में निकलने और प्रवेश करने के लिए बना एक मात्र छोटा गेट बड़ी परेशानी का सबब बना हुआ था। भीड़ अधिक होने के कारण कई लोगों ने बाउंड्रीवाल से कूद कर प्रवेश किया। ऐसे में कई लोग गिरकर चोटिल भी हो गए।
नेटवर्क की समस्या रही हावी, मोबाइल बने शोपीस
रवानगी स्थल पर हर कंपनी के नेटवर्क ठप हो गए। कॉल नहीं हो पा रही थी। इंटरनेट भी ठप था। अपने साथियों को बुलाने के लिए कर्मिक एनाउंसमेंट का सहारा ले रहे थे, लेकिन फिर भी लोगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो रही थी।
मतदान कर्मियों को सबसे अधिक समस्या थी। न तो कोई उनसे संपर्क कर पा रहा था और न ही वह किसी से चाहकर भी संपर्क कर पा रहे थे। टीडीएम बीएसएनएल ने बताया कि जहां कभी अचानक से भीड़ लगती है। वहां ऐसी समस्याएं हर कंपनी के नेटवर्क को झेलनी पड़ती है। हम लोगों की ओर से हर जगह नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
बस ढूंढने के कारण हुई देरी, लगा जाम
आरएमपी इंटर कॉलेज के सामने ग्राफ फाम पर बसों को खड़ा किया था, जो बेतरतीब तरीके से खड़ी थी। पोलिंग पार्टियां बसों को घंटों ढूंढती रहीं। इसकी वजह से आरएमपी मार्ग पर भी जाम लगा रहा। पुलिस बल ने बाईपास जाने वाले लोगों को रोक दिया। वह भी ग्राफ फार्म से होकर बाईपास पहुंचे। बसें पार्क होने के कारण उनको भी अपने गंतव्य तक जाने के लिए देर हुई। ऐसे में लोग जाम की समस्या से भी जूझते नजर आए।