महोली तहसील का निरीक्षण करते डीएम। संवाद
सीतापुर। जिलाधिकारी डाॅ. राजागणपति आर ने मंगलवार को तहसील महोली का औचक निरीक्षण कर संचालित व्यवस्थाओं को परखा। रजिस्टर पर शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर न दर्ज होने पर नाराजगी जताते हुए तहसीलदार को कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने अंश संशोधन, नाम संशोधन पटल पहुंचकर वहां पर उपस्थित शिकायतकर्ताओं से वार्ता करते हुए उनका फीडबैक भी लिया।
खामियां देख उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सही ढंग से मॉनिटरिंग सुनिश्चित कर लापरवाही मिलने पर त्वरित कार्रवाई तय करें। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कक्ष में पहुंचकर जनसुनवाई रजिस्टर देखा। शिकायतकर्ताओं के फोन नंबर रजिस्टर में दर्ज न मिलने पर इसे सही ढंग से अपडेट करने के लिए कहा गया। उन्होंने शिकायकर्ताओं से फोन पर संवाद कर फीडबैक लिया। (संवाद)