सीतापुर। आकांक्षात्मक विकासखंड बिसवां में 50 इंडिकेटरों की प्रगति की समीक्षा सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी ने की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति में सुधार लाने और विकासखंड की रैंकिंग बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ब्लाक कार्यालय के विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया।
ग्राम पंचायत गोवर्धनपुर में निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का निरीक्षण कर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत उलरा में निर्माणाधीन मनरेगा पार्क के अवशेष ओपन जिम और योग स्थल का निर्माण 15 दिन में पूरा कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सीडीओ ने चिकित्सा विभाग के एमओआईसी को संबंधित इंडिकेटरों में तत्काल सुधार लाने, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के सीडीपीओ को प्रगति बनाए रखने तथा एडीओ कृषि और बीएसएनएल के एसडीओ को राज्य की औसत प्रगति के अनुरूप प्रदर्शन बेहतर करने को कहा। सभी विभागीय नोडल अधिकारियों को दो-दो कर्मचारियों को नामित कर उनकी सूची उपलब्ध कराने और प्रत्येक समीक्षा बैठक में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नियमित स्थलीय निरीक्षण, नवाचार आधारित कार्यों और निरीक्षण की फोटो निर्धारित ग्रुप में साझा करने को कहा।
साप्ताहिक समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करने और सीएम फेलो को प्रतिदिन विभागों को इंडिकेटरों की प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
विकासखंड कार्यालय के निरीक्षण में स्थापना पटल पर उपस्थिति पंजिका और अन्य अभिलेख देखे गए।
एनआरएलएम कक्ष में पंजिकाओं के निरीक्षण के दौरान अभिलेख एक सप्ताह में अद्यतन कर डीसी एनआरएलएम के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा।
समयसीमा का पालन नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इसके बाद सीडीओ ने विकासखंड परिसर के निकट स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित की जाने वाली आकांक्षा प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ किया।