सिधौली (सीतापुर)। लखनऊ के एक कबाड़ व्यापारी के यहां काम करने वाले युवक का शव संदिग्ध हालात में हाईवे किनारे मिला। परिवार के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं दी थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच व कार्रवाई की जाएगी।
सिधौली कोतवाली इलाके में हाईवे पर किरतापुर गांव के निकट गुरुवार की दोपहर एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के पास से उसका मोबाइल व नौ हजार 110 रुपये कैश बरामद किया। पुलिस ने पड़ताल कर मृतक की पहचान थानगांव इलाके के भटपुरवा निवासी कल्लू (30) पुत्र आसिफ के रूप में की। शव की पहचान होने पर मृतक के परिवारीजन सिधौली पहुंचे।
मृतक के पिता ने बताया कि कल्लू लखनऊ के बालागंज में एक कबाड़ व्यापारी के यहां काम करता था। सुबह उसके बेटे ने फोन किया था कि कबाड़ व्यापारी उसे छोड़ने आ रहा है। यह भी बताया कि बेटे ने परिवार के लोगों को फोन करके कहा था कि यदि उसके साथ कोई घटना हो तो समझ लेना कि कबाड़ व्यापारी ने ही घटना की है। यह बात कहते हुए मृतक के परिवारीजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई थी।
इंस्पेक्टर उमाकांत दीपक ने बताया कि मृतक के परिवार के लोगों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि हो जाएगी। उसके बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।