इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। घर से निकले एक युवक का शव गन्ने के खेत में अर्धनग्न हालत में बरामद हुआ है। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इमलिया सुल्तानपुर इलाके के जगना निवासी रामपाल (45) घर से किसी काम से निकला था, लेकिन इसके बाद देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चला। रिश्तेदारी में भी खोजबीन की गई, पर वहां भी पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह फिर से युवक की तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान सिकटिहा गांव के पास एक गन्ने के खेत में कुछ कपड़े पड़े मिले।
परिजनों ने कपड़े रामपाल के होने बताए। इसके बाद शंका के आधार पर परिजन गन्ने के खेत में ग्रामीणों के साथ युवक की तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान खेत के अंदर युवक का अर्धनग्न शव पड़ा मिला। सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना को लेकर परिवार के सीताराम ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसा लग रहा है कि जैसे कोई केमिकल डालकर जलाया गया है। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। एसओ इमलिया सुल्तानपुर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।