महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन से लापता एक युवक का शव घर के पास बने खड्डे में पड़ा मिला। घटना से नाराज परिजनों ने शव रखकर हंगामा किया। जिसके बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। काफी समझाने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
मोहल्ला सरावगी टोला निवासी रवि राठौर उर्फ कल्लू (25) 10 नवंबर की शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 12 नवंबर को मोहल्ले के लोगों ने देखा की छप्पर तल्ला तालाब के पीछे बने खड्ड में किसी का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त रवि राठौर के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार को परिजनों ने शव को पैतेपुर मार्ग स्थित शवदाह गृह से करीब सौ मीटर पहले सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि रवि की हत्या की गई है। मौके पर इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान पहुंचे। उन्होंने परिजनों को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। शरीर में कहीं कोई चोट के निशान भी नहीं है। काॅल डिटेल खंगाली जाएगी। जिसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।