सीतापुर। एक दिन पहले घर से लापता हुए युवक का शव नहर में बरामद हुआ है। बृहस्पतिवार को मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है। युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण पता लगने पर कार्रवाई की बात कही है।
पुलिस के मुताबिक तालगांव कोतवाली क्षेत्र के करस्योरा निवासी अमित (23) पुत्र कमलेश बुधवार सुबह घर से निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई पता नहीं लग सका। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
इस बीच बृहस्पतिवार को क्षेत्र से निकली शारदा सहायक नहर में ग्राम लश्करपुर पुल के निकट एक युवक का शव उतराता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने जब इसे देखा तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव नहर के बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिवारीजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। मगर अमित की हत्या की आशंका जताई जा रही है। कोतवाल रनवीर सिंह का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण पता लगने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।