खैराबाद (सीतापुर)। हजूरपुर के एक गांव से लापता युवती का शव बृहस्पतिवार को गांव के ही एक तालाब में उतराता मिला। देर शाम परिजनों ने चौकी इंचार्ज पर लापरवाही का आरोप लगाया। हालांकि बाद में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार गांव निवासी युवती तीन जनवरी की रात से लापता थीं। पिता ने गांव के ही युवक पर बेटी को फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। इस मामले में छह जनवरी को गुमशुदगी दर्ज की गई थी।
आरोप है कि स्थानीय चौकी इंचार्ज ने मामले में लापरवाही बरती। यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद बेटी की जान बच सकती थी। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार को शव गांव आया, जहां परिजनों की पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से नोकझोंक हो गई। एएसपी उत्तरी आलोक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की बात सामने आई है। समझाने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।