पिसावां। महतनिया-पकरिया मार्ग पर मंगलवार को खीरी निवासी एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ की एक पतली डाल पर लटकता मिला। मौैके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि ऐसा लग रहा था कि युवक को मार कर उसका शव डाल पर लटकाया गया हो। मृतक की शिनाख्त लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण (40) के रूप में हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। महतनिया गांव निवासी हंसराम का पकरिया मार्ग पर खेत है। मंगलवार को खेत के पास स्थित झाड़ियों के बीच एक पेड़ की पतली डाल पर राहगीरों ने एक युवक का शव लटकते देखा। उसके गले के पास एक कपड़ा भी पड़ा था। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। थानाध्यक्ष पिसावां वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मृतक की पहचान लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण (40) के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों के अनुसार लक्ष्मी नारायण कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे। फिलहाल इस मामले में परिजनों ने कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।
मिले बीयर के कैन, खाली शराब के टेट्रा पैक
पुलिस को जांच में घटनास्थल के पास बीयर के खाली कैन व देसी शराब के खाली ट्रेट्रा पैक भी पड़े मिले। पुलिस ने घटनास्थल से एक साइकिल और उसके कैरियर में फंसी चप्पलें भी बरामद की हैं। फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन कर जांच की जा रही है।