सीतापुर। महोली कोतवाली इलाके में पांच दिन से लापता युवक का शव कठिना नदी में उतराता मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
महोली कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर गड्डी निवासी लाल बहादुर (45) पुत्र बलदेव 21 दिसंबर शाम घर से गांव में ही जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने तलाश की मगर उसका पता नहीं चल सका। 22 दिसंबर को परिजनों ने कोतवाली में सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
शनिवार को ग्रामीणों ने कठिना नदी के कसहा घाट पर एक शव उतराते देखा। शव नदी में मिलने की सूचना से क्षेत्रीय लोगों का जमावड़ा लग गया। मौके पर पहुंचे लाल बहादुर के परिजनों ने शव की शिनाख्त की। साथ ही कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने शव नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि लाल बहादुर पांच दिन से लापता था। गुमशुदगी दर्ज कर तलाश की जा रही थी। शनिवार को उसका शव नदी में उतराता मिला है। परिजनों की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। यदि परिजन कोई आरोप लगाते हुए तहरीर देंगे तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।