तालगांव (सीतापुर)। खीरी से लापता बालक का शव बुधवार को तालगांव कोतवाली क्षेत्र में शारदा सहायक नहर से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खीरी के सिरेचा मजरा धेबियानपुर निवासी जयराम धोबी का पुत्र कौशल किशोर (12) कई दिन से लापता था। उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं चला। जिसके बाद परिवारीजन ने खीरी कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पड़ोस से निकली शारदा सहायक नहर खीरी ब्रांच में बालक की तलाश जारी रही। बुधवार को तालगांव कोतवाली इलाके में न्यामूपुर गांव के करीब शारदा सहायक नहर से कौशल किशोर का शव बरामद किया गया।
शव मिलने पर खीरी के सिरेचा मजरा धोबियनपुर निवासी महिपाल ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। तालगांव कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी।