पंचायत चुनाव के पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो गई। जिला पंचायत सदस्यों की 21 सीटों के लिए 405 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जबकि 497 क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के सापेक्ष 3047 प्रत्याशियों ने परचा भरा है। बुधवार व गुरुवार को प्रपत्रों की जांच होगी। इस दौरान नामांकन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इतंजाम किए गए थे।
प्रथम चक्र में विकास खंड मिश्रिख, गोंदलामऊ, मछरेहटा, कसमंडा व सिधौली के चुनाव होने हैं। नामांकन के दूसरे दिन मंगलवार को सुबह 8 बजे से ही जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार व उनके समर्थकों की भीड़ सदर तहसील में जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का हुजूम ब्लॉकों पर उमड़ने लगा था।
बीडीसी की सीटों पर ज्यादातर उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पहले दिन ही दाखिल कर दिए थे। जबकि डीडीसी पदों के लिए पहले दिन की अपेक्षा दूसरे दिन ज्यादा नामांकन दाखिल किए गए। दूसरे दिन डीडीसी पद के लिए सुरैंचा स्टेट के यशवर्धन सिंह ने परचा दाखिल किया। नामांकन स्थलों पर देर शाम तक चली प्रक्रिया में गहमागहमी का माहौल बना रहा।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि डीडीसी के लिए पहले दिन 156 जबकि दूसरे दिन 249 उम्मीदवारों ने परचे भरे। इसके अलावा ब्लॉकों पर बीडीसी पद के लिए पहले दिन 2068 तथा दूसरे दिन 979 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 सितंबर व 1 अक्तूबर को प्रपत्रों की जांच होगी। 3 अक्तूबर को नाम वापसी तथा चुनाव चिह्न वितरित किए जाएंगे।
डीएम व एसपी लेते रहे जायजा
डीएम डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव और एसपी कवींद्र प्रताप सिंह सुरक्षा व्यवस्था के नजरिए से नामांकन स्थलों का दौरा करते रहे। सुबह सदर तहसील में हो रहे डीडीसी के नामांकन प्रक्रिया का जायजा लेने के बाद दोनों अफसरों ने ब्लॉकों का रुख किया। पांचों ब्लॉकों में पहुंचकर डीएम व एसपी ने सुरक्षा इंतजाम व अन्य पहलुओं को बारीकी से परखा और मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश देते रहे।