सिधौली। नेशनल हाईवे पर रेलवे स्टेशन के सामने मंगलवार सुबह करीब पांच बजे डिवाइडर पर खड़ी डीसीएम में पीछे से आ रही दूसरी डीसीएम घुस गई। हादसे में दूसरी डीसीएम के चालक की मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से उसे बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आजमगढ़ से लखनऊ होते हुए सीतापुर जा रही डीसीएम का सिधौली रेलवे स्टेशन के सामने अचानक टायर फट गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने के लिए ब्रेक लगाए, जिससे डीसीएम डिवाइडर के पास खड़ी हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी डीसीएम चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वह खड़ी डीसीएम में जा घुसी।
टक्कर से दूसरी डीसीएम का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टेयरिंग के बीच फंस गया। राहगीरों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। हाईवे पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने क्रेन मंगवाकर चालक को बाहर निकाला। दोनों घायलों को सीएचसी सिधौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बागपत के सकरान निवासी यूसुफ (35) को मृत घोषित कर दिया। क्लीनर खुर्शीद (35) का उपचार चल रहा है।
खुर्शीद ने बताया कि यूसुफ उसका चचेरा भाई था। दोनों आजमगढ़ से सीतापुर आ रहे थे। यहां डीसीएम में केला लोड किया जाना था। कोतवाली प्रभारी विजयेन्द्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।