विद्यालय पुरस्कार योजना में चयनित रामपुर मथुरा विकासखंड का प्राथमिक विद्यालय दैमलपुर का सम्मान होगा। शिक्षक दिवस पर यहां के प्रधानाध्यापक व एसएमसी अध्यक्ष को लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही योजना के तहत एक लाख बीस हजार रुपये की धनराशि भी दी जाएगी।
मालूम हो कि शासन ने चालू शैक्षिक सत्र 2016-17 में विद्यालय पुरस्कार योजना शुरू की है। इस योजना के तहत बेहतर पठन-पाठन करने वाले विद्यालय का चयन होना था। जिस पर डायट प्राचार्य की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने रामपुर मथुरा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय दैमलपुर को चुना है।
इसके बाद इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया था। जहां से इसे सर्वश्रेष्ठ प्राइमरी स्कूल घोषित किया गया है। यह चयन 20 बिंदुओं पर हुआ है। इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक व एसएमसी अध्यक्ष को शिक्षक दिवस के अवसर पर लखनऊ के गन्ना संस्थान में सम्मानित किया जाएगा। जहां पर सर्वेश्रेष्ठ विद्यालय की धनराशि एक लाख बीस हजार रुपये दी जाएगी।
चयन की जानकारी नहीं
लखनऊ में सर्वश्रेष्ठ विद्यालय के पुरस्कृत होने के संबंध में जानकारी नहीं है। जिले पर ब्लॉकों के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को विद्या ज्ञान में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
-राजेंद्र सिंह, बीएसए
मुझे नहीं मिला कोई पत्र
लखनऊ में होने वाले समारोह के बारे में मुझे कोई पत्र नहीं मिला है। इस वजह से इस कार्यक्रम के बारे में कुछ भी बता नहीं सकता।
-अमित वर्मा, बीईओ रामपुर मथुरा
बीएसए व बीईओ घोर लापरवाह
सभी जिलों को पत्र भेजा गया है। सोमवार को लखनऊ के गन्ना संस्थान में वृहद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बेसिक व माध्यमिक शिक्षा के कैबिनेट मंत्री सहित तमाम आला अधिकारी शामिल होंगे। यहां पर विद्यालय पुरस्कार योजना के तहत चयनित शिक्षकों का सम्मान होगा। साथ ही धनराशि भी दी जाएगी। अगर बीएसए व बीईओ को जानकारी नहीं है, तो यह घोर लापरवाही को दर्शाता है। इनको फिर से निर्देशित करूंगा।
-महेंद्र सिंह राणा, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक