महोली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में एक व्यक्ति के खाते से 25 हजार रुपये साइबर ठगों ने पार कर दिए हैं। मोबाइल पर मेसेज आने के बाद इसकी जानकारी हो सकी। बैंक में संपर्क करने के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
महोली इलाके के मोहल्ला ठकुरन टोला महसुनिया गंज निवासी कौशल सिंह का महोली कस्बे की यूनियन बैंक शाखा में खाता है। उनके मुताबिक, तीन दिन पूर्व उनके मोबाइल पर 25 हजार रुपये निकाले जाने का मेसेज आया। मेसेज आने के बाद पैसे निकलने की उन्हें जानकारी हो सकी।
वह बैंक पहुंचे और पूरी जानकारी दी। बैंक की ओर से जानकारी दी गई है कि, 24 फरवरी को एटीएम के जरिये 20 हजार और पांच हजार की धनराशि दो बार में निकाली गई है। एटीएम धारक का कहना है कि एटीएम उसके पास सुरक्षित है। किसी से भी एटीएम संबंधी जानकारी साझा नहीं की गई है। मामले को लेकर उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग है।
शाखा प्रबंधक दीपेन्द्र कुमार का कहना है कि यह रकम एटीएम के जरिये निकाली गई, इससे बैंक का कोई लेना देना नहीं है। एटीएम खाताधारक के पास होता है। महोली कस्बा प्रभारी विजय मिश्रा का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी।