लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में गुरुवार को एक बाइक सवार पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। उसको जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना पर पुलिस ने फौरन पावर हाउस से लाइन बंद कराई, उधर, सूचना पाकर एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित का हालचाल जाना। साथ ही मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
लहरपुर इलाके के आंबा निवासी राजेश मिश्रा (35) पुत्र विष्णु दयाल बाइक से कहीं गए थे। वहां से बाइक से वह वापस घर आ रहे थे।
लहरपुर-हरगांव मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र की नव विकसित कॉलोनी में घर के पास जैसे ही आकर वह बाइक से उतरे। वैसे ही ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिससे उनकी बाइक जलने लगी।
राजेश भी बुरी तरह झुलस गए। मोहल्ला वासियों ने बांस की सहायता से तार को हटाया तब तक वह बुरी तरह झुलस चुके थे। आननफानन में उन्हें सीएचसी लहरपुर ले लाया गया।
जहां उनकी हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के उपरांत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर लहरपुर एसडीएम रामदरश राम ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने घटना की सूचना मिलते ही पावर हाउस को सूचना देकर लाइन बंद कराई। उनका कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।