लहरपुर (सीतापुर)। कस्बे के पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड बनवाने के लिए रोज भीड़ जमा हो रही है। यहां पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है, जिससे कोरोना संक्रमण फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
एक तरफ देश कोरोना संक्रमण से लड़ रहा है, ऐसे में सरकार द्वारा गाइडलाइन भी जारी की गई है। सभी कार्यालयों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कार्य करना है, लेकिन लहरपुर के पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड बनवाने के लिए भारी भीड़ जमा हो रही है और पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी भी इस पर ध्यान नहीं दे रहे है।
दिलचस्प बात यह है कि अधिकांश लोग बिना मास्क लगाए ही जमा हैं। पोस्ट आफिस में मौजूद लोगों ने बताया कि, आधार कार्ड बनवाने के लिए कई कई बार यहां पर आना पड़ता है, कहीं मशीन खराब तो कहीं कुछ अन्य समस्या बता कर, वापस कर दिया जाता है।
पहले इलाहाबाद बैंक शाखा में भी, आधार कार्ड संशोधन व नये आधार बनाए जाते थे, परंतु इलाहाबाद बैंक से यह कार्य बंद कर दिए जाने से, अब मात्र एक स्थान नगर पोस्ट ऑफिस में ही आधार कार्ड का संशोधन या नया आधार कार्ड बनाया जाता है। इसलिए दूर दराज और नगर क्षेत्र से भारी संख्या में लोग अपना आधार ठीक कराने या नया बनवाने के लिए जमा होते हैं।