रोडवेज बस में सफर कर रहे हरदोई निवासी एक युवक को जहरखुरानों ने बेहोश कर लूट लिया। युवक दिल्ली से अपने घर जा रहा था। बस के चालक व परिचालक उसे बेहोशी की हालत में बस स्टाप पर उतार कर चलते बने।
पुलिस ने उसे कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। होश में आने के बाद उसने आपबीती बताई। परिवार के सदस्यों का कहना था कि वह काम की तलाश में दिल्ली गया था।हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर निवासी संजय कुमार (32) तीन दिन पहले काम की तलाश में दिल्ली गया था।
काम न मिलने पर वह मंगलवार शाम बस में सवार होकर घर के लिए चल दिया। सफर के दौरान बस में मौजूद जहरखुरानों ने युवक को नशीली चाय पिला दी, जिससे वह बेहोश हो गया। बेसुध होते ही जहरखुरान युवक का सामान व उसके पास मौजूद 5 हजार रुपये लेकर बस से उतर गए।
इधर, बस जब सिधौली रोडवेज बस स्टाप पर पहुंची, तब चालक व परिचालक का ध्यान बेहोश पड़े यात्री पर पड़ा। चालक व परिचालक ने उसे बस स्टाप पर उतार दिया और चलते बने। बस स्टाप पर मौजूद दुकानदारों ने युवक को बेहोश देख सूचना पुलिस को दी।
जिसके बाद पुलिस ने उसे कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दोपहर को जब युवक होश में आया, तो उसकी पहचान हो सकी। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह तीन दिन पहले 10 हजार रुपये लेकर घर से निकला था। जिसके बाद आज वह बेहोशी की हालत में कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मिला।